मेजवां। फूलपुर और ग्रामीण इलाकों में पिछले एक पखवाड़े से जारी पंचायत चुनाव का शोर शनिवार की शाम छह बजे से रुक जाएगा। इसके बाद अगर कोई समूह में चुनाव करता मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस प्रशासन चौकन्ना हो गया है। अंतिम समय में प्रत्यशियों की ओर से कई तरह से मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित किए जाने की आशंका को लेकर खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
मार्च को पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी के बाद से ही क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई थी। शनिवार की शाम छह बजे के बाद प्रचार पर पूरी तरह रोक लग जाएगी। प्रत्याशी किसी भी तरह से चुनाव प्रचार नहीं कर पाएगा। उन्हें सिर्फ पैदल ही जनसंपर्क करने की अनुमति दी गई है। समूह में भी प्रचार करने पर पाबंदी रहेगी।
एसडीएम रावेंद्र सिंह ने बताया कि शाम छह बजे प्रचार थमने के बाद कोई भी ऐसा व्यक्ति गांव में नही रहेगा जो वहां का मतदाता न हो। सभी को आगाह किया गया कि यदि रिश्तेदार गांव में आया है तो उसे वापस भेज दें। फूलपुर आरओ एके गुप्ता ने बताया कि फूलपुर ब्लाक में ग्राम प्रधान 647, बीडीसी सदस्य 486 और ग्राम पंचायत सदस्य 224 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं।