निजामाबाद में नई सड़क पर लगा भारी लंबा जाम। संवाद
निजामाबाद। कस्बे के नई सड़क और सब्जी मंडी मार्ग पर सोमवार को भीषण जाम की स्थिति बनी रही। करीब चार घंटे तक लगे इस जाम में सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन फंसे रहे, जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बताया जाता है कि भैरोपुर कला ग्राम सभा स्थित मां शीतला मंदिर में सोमवार को लगने वाले मेले के चलते श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के समुचित इंतजाम न होने के कारण हर यहां जाम की समस्या विकराल रूप ले लेती है। नई सड़क पर मंदिर, सब्जी मंडी, विद्यालय और ग्रामीणों के आवागमन का एक ही मार्ग होने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। सोमवार को जब श्रद्धालु, व्यापारी, स्कूली वाहन और स्थानीय लोग एक साथ सड़क पर निकले तो पूरे क्षेत्र में लंबा जाम लग गया।
इस दौरान स्कूली वाहन भी घंटों जाम में फंसे रहे, जिससे बच्चे देरी से स्कूल पहुंचे। स्थानीय विजय, राजीव, संदीप, कमलेश आदि का कहना है कि प्रशासन यदि पहले से ही यातायात व्यवस्था दुरुस्त कर दे और वन-वे लागू करे, तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस संबंध में उप जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि सोमवार और शुक्रवार को मां शीतला धाम पर लगने वाले मेले के दिनों में पुलिस व प्रशासन की विशेष व्यवस्था कराई जाएगी। साथ ही, वाहनों के लिए एक तरफ से प्रवेश और दूसरी तरफ से निकासी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जाम की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।