अंबारी। क्षेत्र के इटकोहिया गांव में मंगलवार को पुलिस बल के साथ पहुंच कर बिजली निगम के अधिकारियों ने केबल लगाया। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। फूलपुर तहसील क्षेत्र के इटकोहिया गांव में दो व्यक्तियों के आपसी विवाद के चलते एक सप्ताह से गांव की विद्युत आपूर्ति बाधित थी। लगभग 100 मीटर तार के स्थान पर केबल लगाना था, लेकिन विवाद के चलते नहीं लग पा रहा था। इससे गांव अंधेरे में डूबा हुआ था।
इसे लेकर ग्रामीणों ने रविवार को एसडीएम आवास पर जमकर नारेबाजी की थी। ग्रामीणों की समस्या को अमर उजला ने आठ सितंबर के अंक में इटकोहिया गांव में बिजली गुल, ग्रामीणों का हंगामा शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर छपने के बाद अधिकारी हरकत में आए और एसडीएम के निर्देश पर एक दिन बाद यानी मंगलवार को विभाग के एसडीओ भूप सिंह, जेई देवेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य प्रमोद यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की उपस्थिति में पुरानी लाइन पर ही केबल लगाने का निर्णय हुआ। इसके बाद कर्मचारी पुराना तार हटाकर केबल लगाए। साथ ही जले हुए 100 केवीए के ट्रांसफार्मर को भी बदला गया।
इस संबंध में एसडीओ भूप सिंह ने बताया कि असामाजिक तत्वों के कारण कई बार ट्रांसफर जल चुका है। नंगे तार को हटाकर केबल लगा दी है।