सगड़ी/बलरामपुर। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बनकट बाजार स्थित बाबा साहब की प्रतिमा को शनिवार की रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा टूटा देखा तो आक्रोशित हो उठे और आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर बनकट बाजार में चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पर कई थानों की फोर्स के साथ ही एसडीएम सगड़ी, सीओ सगड़ी, सीओ सदर आदि मौके पर पहुंचे और नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन देकर ढाई घंटे बाद जाम समाप्त करवाया।
बनकट बाजार में लगी बाबा साहब भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा को किसी ने शनिवार की रात क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रतिमा का पैर तोड़ा गया था, जिससे पूरी प्रतिमा ही गिर कर क्षतिग्रस्त हो गई थी। सुबह ग्रामीणों की नजर जब बाबा साहब की टूटी प्रतिमा पर पड़ी तो वे आक्रोशित हो उठे। चुनाव का माहौल होने के चलते कुछ ही देर में काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोग आजमगढ़-गोरखपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनकट चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। चक्का जाम सुबह आठ बजे से शुरू हुआ। रास्ता जाम होते ही इस राजमार्ग पर जाम स्थल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी लाइन लग गई। प्रतिमा टूटने व जाम की सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में कई थानों की फोर्स के साथ ही एसडीएम सगड़ी बागीश कुमार शुक्ला, सीओ सगड़ी अजय यादव व सीओ सदर सिद्धार्थ तोमर भी मौके पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों के मान-मनौव्वल की कवायद शुरू हुई। आक्रोशित ग्रामीण प्रतिमा तोड़ने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई किए जाने व नई प्रतिमा स्थापित कराए जाने की मांग कर रहे थे। साढ़े दस बजे एसडीएम व सीओ ने नई प्रतिमा स्थापित कराने व दोषी को चिह्नित कर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त करवाया। ढाई घंटे तक लगे जाम से दोनों तरफ सैकड़ों की संख्या में वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। जाम करने वालों में अर्जुन कुमार, अरविंद कुमार, संतोष कुमार, पारस, जितेंद्र, हरिदास, हरिचंद समेत काफी संख्या में महिलाएं व पुरुष शामिल रहे।