जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इसमें विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों पर चर्चा की गई। प्रतिनिधियों ने इनके निर्धारण पर संतुष्टि जताई।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में प्रस्तावित 2301 मतदान केंद्रों और 4360 मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप देकर भारत निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा।
इससे पहले उप जिला निर्वाचन अधिकारी को सभी मतदेय स्थलों की बूथ संख्या का दोबारा सावधानीपूर्वक मिलान करने के निर्देश दिए, ताकि सूची में किसी तरह की त्रुटि न रहे।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से विशेष अभियान के दौरान अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र नए मतदाताओं को पंजीकरण के लिए जागरूक करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिक वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची का पुनः परीक्षण कर सबसे कम ईपीआईसी और जेंडर रेशियो वाले बूथों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए।
साथ ही 15 अक्तूबर से अब तक सबसे कम फॉर्म-6 प्राप्त होने वाले शीर्ष 10 बूथों की सूची भी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि संबंधित क्षेत्रों में मतदाता पंजीकरण की स्थिति की समीक्षा की जा सके।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव ओझा, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।