फूलपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता मुन्नीलाल यादव के हत्यारों की गिफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को जिले के अधिवक्ताओं ने जगह-जगह जाम कर प्रदर्शन किया। वकीलों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन उग्र किया जाएगा।
मेजवां/फूलपुर : नाराज अधिवक्ताओं ने मंगलवार को तहसील गेट के सामने लखनऊ-बलिया मार्ग पर जाम लगा दिया। जिससे आवागमन बाधित हो गया। वकीलों ने परिसर का चक्रमण किया और पुलिस के विरोध में जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम की सूचना मिलने पर एडीएम वित्त एवं राजस्व विजय कुमार ने मौके पर पहुंच समिति के अध्यक्ष रामनररायन यादव से वार्ता की।
इस दौरान एडीएम को पांच सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। जाम के चलते लगभग एक घंटा शाहगंज-आजमगढ़ पर यातायात बाधित रहा। जाम के दौरान इश्तियाक, अहमद, सतीश चंद्र यादव, पीसी लाल, धर्मेद्र श्रीवास्तव, शमीम काजिम, मेंहदी रजा, विमलेश, राजेश, उमेश सिंह, अबूशाद, ओमप्रकाश, रमाशकर, इंदूशेखर, रामसूरत, रामपलट, देशराज, यतीन्द्र नाथ आदि मौजूद थे।
लालगंज : दी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार अस्थाना के नेतृत्व में तहसील के अधिवक्ता स्व. मुन्नीलाल यादव की हत्या के विरोध में सड़क पर आ गए। वकीलों ने प्रदेश सरकार और पुलिस विरोधी नारेबाजी की। साथ ही लगभग पौने बारह बजे तहसील गेट के सामने आजमगढ़-वाराणसी मार्ग जाम कर दिया।
इस दौरान वकीलों ने प्रस्ताव पारित कर पूरे दिन न्यायिक कार्यो से विरत रहने का निर्णय लिया। इस अवसर पर अशोक कुमार अस्थाना, अनुज कुमार तिवारी, धर्मेश पाठक, समर बहादुर सिंह, संतोष कुमार राय, हामिद अली मौजूद थे।