सीडीओ महेंद्र वर्मा ने मंगलवार को बिलरियागंज ब्लाक के लोहिया गांव शेखूपुर में विकास कार्यो का जायजा लिया। इंदिरा और लोहिया आवास के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में उन्हें कुछ लोहिया आवास अपूर्ण मिले।
सीडीओ ने शेखूपुर में स्थित प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। मिड डे मील की जानकारी लिए जाने के साथ ही विद्यालय तक पहुंचने के रास्ते का निर्माण और विद्यालय में बिजली का कनेक्शन कराए जाने के लिए निर्देशित किया।
इसके बाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय में एमडीएम रजिस्टर का निरीक्षण किया और छात्रों से मिड-डे-मील, ड्रेस और दुग्ध वितरण किए जान की जानकारी ली।
इस दौरान ग्रामीणों ने सीडीओ को उप स्वास्थ्य केंद्र का कभी ताला न खोले जाने और अस्पताल की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस पर उन्होंने उप जिलाधिकारी सगड़ी को अवैध कब्जा हटवाने को कहा। गांव में बन रहे इंदिरा और लोहिया आवास का अपूर्ण मिलने पर नाराजगी जताई। उसी रास्ते से गुजर रहे बाल पुष्टाहार एवं बेसिक शिक्षा मंत्री वसीम अहमद से भी ग्रामीणों ने समस्याओं का रोना रोया।
बताया कि गांव के लिए आवंटित पांच ट्रांसफार्मर में से मात्र चार ही लगे हैं। क्षेत्र में बिजली का तार टूट गया है लेकिन विद्युत विभाग के लोग लापरवाह बने हुए हैं। मंत्री ने विद्युत विभाग को फोन कर विद्युत पोल लगाए जाने और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त किए जाने का निर्देश दिया। इस मौके पर बीडीओ रामदरश, खंड शिक्षा अधिकारी राम कुमार सिंह, सीडीपीओ दुर्गावती, डिप्टी सीएमओ डीपी सिंह, सत्येंद्र कुमार, रवींद्र यादव, हरिश्चंद आदि उपस्थित रहे।