आजमगढ़। अतरौलिया क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय एदिलपुर में छात्र को कक्षा में सोता छोड़कर स्कूल बंद करने के मामले में प्रधानाध्यापक अजय नारायण पांडेय को भी शुक्रवार को निलंबित कर दिया गया है। ये कार्रवाई बीएसए राजीव कुमार पाठक ने बीईओ के रिपोर्ट पर की है। इसके पहले जांच के दौरान सहायक अध्यापक श्रीकांत सिंह को निलंबित किया जा चुका है।
दादर गांव निवासी फूला देवी ने बताया कि उनका पुत्र हिमांशु राजभर कक्षा तीन का छात्र है। 13 अप्रैल को वह रोज की तरह विद्यालय गया था। पढ़ाई के दौरान उसे नींद आ गई और वह कक्षा में ही सो गया था। दोपहर करीब दो बजे छुट्टी होने के बाद शिक्षक व अन्य कर्मचारी बिना जांच किए विद्यालय में ताला बंद कर चले गए थे। जब काफी देर तक हिमांशु घर नहीं पहुंचा तो वह चिंतित हो उठी। उसे खोजते हुए शाम करीब चार बजे स्कूल पहुंचीं, जहां अंदर से बेटे के रोने की आवाज सुनकर उनके होश उड़ गए। सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने विद्यालय का ताला खुलवाया, जिसके बाद डरा-सहमा बच्चा बाहर निकाला गया। इस दौरान छात्र करीब दो घंटे तक विद्यालय में बंद रहा और लगातार रोता रहा। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव कुमार पाठक ने मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि यह शिक्षकों और कर्मचारियों की घोर लापरवाही है। उन्होंने बताया कि जांच के बाद प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है।