संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल आजमगढ़ डा. उत्तम गुलाटी ने शनिवार को यूपी बोर्ड परीक्षा के कई केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक छात्र के नकल सामग्री के साथ पकड़े जाने पर जेडी ने कक्ष निरीक्षक को कार्यमुक्त कर दिया। अमर शहीद इंटर कालेज ईश्वरपुर में इंटर रसायन विज्ञान की परीक्षा में सामूहिक नकल पकड़ी गई। इस कालेज को काली सूची में डालने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव को पत्र भेजा।
शनिवार को दूसरी पाली में इंटर रसायन विज्ञान प्रथम प्रश्न-पत्र की परीक्षा के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ मंडल डा. उत्तम गुलाटी ने राजकीय बालिका इंटर कालेज सरायमीर, पंचायत इंटर कालेज खानपुर, श्री कवलधारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कटियारी ईश्वरपुर का निरीक्षण किया। राजकीय बालिका इंटर कालेज सरायमीर में एक छात्र नकल करते पकड़ा गया। इस पर जेडी ने केंद्र व्यवस्थापक से कक्ष निरीक्षक को कार्यमुक्त करने का निर्देश दिया।
अमर शहीद इंटर कालेज ईश्वरपुर में सामूहिक नकल पकड़ी गई। जेडी ने इस परीक्षा केंद्र को काली सूची में डालने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश इलाहाबाद को पत्र लिखा। जिला विद्यालय निरीक्षक को तत्काल संबंधित परीक्षा केंद्र के केंद्र व्यवस्थापक को कार्यमुक्त करते हुए राजकीय अथवा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से शिक्षक को केंद्र व्यवस्थापक बनाने का निर्देश दिया। इसके अलावा इंटर रसायन विज्ञान प्रथम प्रश्न-पत्र की परीक्षा फिर कराने को कहा।