आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के समरुपुर गांव में मंगलवार की रात आई बरात का घरातियों ने स्वागत किया। इसके बाद शादी की रस्में पूरी की गईं। बुधवार की सुबह नेग का सामान ट्रैक्टर पर लादकर जाने भी लगा, दुल्हन अपनी ससुराल जाने के लिए गाड़ी में बैठने ही वाली थी कि दूल्हा शराब के नशे में लड़खड़ाने लगा। दूल्हे के हाथ की अंगूठी और गले की माला भी कहीं गुम हो गई। यह सब देख लड़की ने दूल्हे के साथ जाने से इंकार कर दिया।
थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि मरुपुर गांव में नागेंद्र चौहान ने अपनी लड़की की शादी भदवां मऊ के मुसाफिर चौहान के यहां तय की थी। मंगलवार की रात बारात आई, हंसीखुशी शादी भी हो गई। बुधवार की सुबह विदाई के दौरान नशे में दूल्हे को देखकर दुल्हन भड़क गई और ससुराल जाने से इन्कार कर दिया। दोपहर तक दोनों पक्षों में पंचायत हुई। इस दौरान किसी ने फोन कर पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस दोनों पक्ष को कोतवाली ले गई। लड़की अपनी बात पर अड़ी रही कि वो शराबी दूल्हे के साथ नहीं जाएगी। बुधवार की देर शाम तक पंचायत का दौर चलता रहा। दोनों पक्ष एक-दूसरे को दिए सामान आदि को लौटाने पर राजी हुए।