रानी की सराय। पंचायत कार्यालय में बुधवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई जब सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संदीप ज्ञान वर्मा ने प्रधान संघ अध्यक्ष सहित अन्य लोगों पर कार्यालय में जबरन घुसकर गाली-गलौज करने और तालाबंदी करने का आरोप लगाया।
संदीप ज्ञान वर्मा ने बताया कि कार्यालय में ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। इसी दौरान प्रधान संघ अध्यक्ष नैय्यर आजम सहित कुछ लोग कथित रूप से बिना अनुमति कार्यालय में प्रवेश कर गए और अभद्रता व गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि इसके बाद कार्यालय में ताला लगा दिया गया, जिससे सरकारी कार्य बाधित हुआ और कर्मचारियों में अव्यवस्था फैल गई। घटना के बाद सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) ने थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कार्यालय का ताला खुलवाने और स्थिति सामान्य कराने की भी गुहार लगाई है। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि भुगतान को लेकर प्रधान संघ और एडीओ पंचायत के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराया गया। संवाद