अंबारी/मार्टीनगंज। दीदारगंज थाने के डिहकैथौली गांव में सोमवार को बड़े पैमाने पर लोगों का धर्म परिवर्तन के लिए लोगों की भीड़ इकट्ठा की गई थी। ऐन वक्त पर घटना की सूचना मिलने पर दीदारगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस देख अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस दो प्रमुख लोगों को हिरासत में लेकर थाने चली आई। जहां दोनों लोगों से गहन पूछताछ की जा रही। उधर गांव वालों का आरोप है कि यहां काफी दिनों से यह खेल खेला जा रहा था।
पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों लोगों में एक दीदारगंज थाने के डिहकैथौली गांव निवासी और दूसरा जौनपुर जिले का बताया जा रहा। गांव वालों के मुताबिक जौनपुर का रहने वाला व्यक्ति डिहकैथौली गांव निवासी व्यक्ति के साथ अक्सर क्षेत्र में साथ घूमते हुए दिखता है। यह लोग आमजन को लालच देकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का काम करते हैं। सोमवार को भी डिहकैथौली गांव निवासी व्यक्ति के घर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। अभी कार्यक्रम शुरू भी नहीं हो पाया था कि इसकी जानकारी गांव और क्षेत्र के अन्य लोगों के साथ-साथ भाजपा और संघ के पदाधिकारियों को हो गई और लोग पुलिस को सूचना देते हुए मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख मौके पर जुटे ज्यादातर लोग हट गए। पुलिस दो प्रमुख लोगों को हिरासत में लेकर थाने चली गई। जहां दोनों से पूछताछ की जा रही। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि धर्मांतरण के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही। अभी कोई केस नहीं दर्ज है। ना ही तहरीर मिली है।