प्राइमरी स्कूल नेवादा गांव के पास स्थित मड़ई और गुमटी में सोमवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से जहां किराना, जनरल स्टोर और पान की दूकान जलकर राख हो गई। वहीं, एक परिवार के 10 लोगों के मुंह से निवाला छीन गया। मंगलवार की भोर में शौच करने के लिए उठे दूकानदार को घटना की जानकारी हुई। उसने थाने में अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी संतोष बारी पुत्र केशव की गांव के प्राइमरी स्कूल के पास मड़ई और गुमटी में किराना, जनरल स्टोर और पान की दूकान खोले हुए था। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर दूकान होने की वजह से संतोष रात को दूकान बंदकर घर चला जाता था। सोमवार की रात संतोष की दूकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग जाने से मड़ई, गुमटी और भीतर रखे गए करीब दो लाख रुपये मूल्य के सामान जलकर नष्ट हो गए।
मंगलवार की भोर में करीब चार बजे शौच के लिए उठे संतोष को दूकान से निकल रहे धुआं देखने के बाद घटना की जानकारी हुई तो वह शोर मचाते हुए मौके की तरफ भागा। उसके चीखने की आवाज सुनकर परिवार सहित आसपास के लोग भी भागकर पहुंचे लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। इसी दूकान के जरिए संतोष और उसके परिवार के 10 लोगों का पेट भरता था। घटना के संबंध में उसने अज्ञात के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। थानाध्यक्ष कप्तानगंज एसएन वर्मा ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है लेकिन रिपोर्ट नहीं दर्ज है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।