प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा आज खुलेगा। मतगणना के लिए बनाए गए दोनों केंद्रों पर बैरिकेडिंग आदि का कार्य पूरा हो चुका है। शनिवार की सुबह साढ़े आठ बजे से एफसीआई गोदाम बेलइसा और कृषि विश्वविद्यालय कोटवा में मतगणना शुरू होगी।
आजमगढ़ जनपद की दसों विधानसभा सीटों से 116 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। चार मार्च को हुए मतदान में कुल 56 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। मतदान के बाद प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद होकर स्ट्रांग रूम में पहुंच गई थी। जहां उन्हें कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखा गया था। प्रशासन ने मतगणना के लिए दो केंद्र का निर्धारण किया है। एक केंद्र पर पांच विधानसभा की गणना होनी है। एफसीआई गोदाम बेलइसा में सगड़ी, गोपालपुर, अतरौलिया, सदर और मुबारकपुर की मतगणना होगी। वहीं कृषि विश्वविद्यालय कोटवा में मेंहनगर, लालगंज, दीदारगंज, फूलपुर और निजामाबाद की मतगणना होगी।
मतगणना के लिए एक हाल में 15 टेबल लगाया गया है। जिसमें 14 टेबल मतगणना कार्मिकों के लिए और एक टेबल आरओ के लिए लगाई गई है। एक टेबल पर चार कार्मिक तैनात किए गए हैं। इस प्रकार 10 विधानसभाओं के लिए कुल 600 मतगणना कार्मिकों की तैनाती गई है। इसके अलावा 160 मतगणना कार्मिकों को रिजर्व में रखा गया है। मतगणना स्थल पर बैरिकेडिंग की जा चुकी है। मीडिया कर्मियों के लिए अलग से मीडिया सेंटर बनाया गया है। मुख्य मार्ग से मतगणना स्थल तक सिर्फ मतगणना एजेंटों को और मतगणना कार्मिकों केे जाने की इजाजत होगी।