गन्ने की तौल में घटतौली का आरोप लगाकर सोमवार को किसानों ने अहरौला क्षेत्र के भेदौरा गोपालगंज गन्ना क्रय कें द्र पर जमकर हंगामा किया। एसडीएम बूढ़नपुर ने किसानों को समझाकर मामले को शांत किया।
अहरौला क्षेत्र के भेदोरा गोपालगंज स्थित गन्ना क्रय केंद्र पर गन्ना बेचने के लिए किसानों की कतार लगी हुई थी।
तभी एक किसान को तौल में घटतौली का संदेह हुआ तो किसान महेंद्र्र्र्र प्रताप सिंह ने घटतौली की शिकायत तहसीलदार छेदीलाल से की।
मौके पर पहुंचे तहसीलदार ने जब जांच की तो पाया आठ कुंतल की घटतौली सामने आई। घटतौली मिलने पर किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया और गन्ना क्रय केंद्र को सील करने की मांग करने लगे।
तहसीलदार ने किसानों से कहा कि घटतौली को ठीक कर तौल का कार्य किया जाएगा, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़े रहे। किसानों के हंगामे की सूचना मिलते ही एसडीएम बूढ़नपुर अमृतलाल विंद और अहरौला थानाध्यक्ष प्रभात कुमार यादव मौके पर पहुंचे गए। उन्होंने लोगों को समझाकर हंगामे को शांत कराया।
इस संबंध में किसान महेंद्र प्रताप सिंह पुत्र मुसाफिर सिंह द्वारा कांटा इंचार्ज और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ अहरौला थाने में तहरीर दी गई। अहरौला थानाध्यक्ष प्रभात कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है। जांचकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।