बिंद्रा बाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रीवा बभनगावां निवासिनी एक विवाहिता का गांव स्थित पंचायत भवन के पास बुधवार की सुबह शव पड़ा मिला। ग्रामीणों व परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार को वह अपने मायके से ससुराल आने के लिए निकली थी।
रीवा बभनगावां ग्राम निवासिनी मीरा देवी (32) पत्नी अवधेश सरोज की कुछ सालों से मानसिक हालत खराब थी। एक सप्ताह पूर्व वह अपने मायके रानीपुर ठोठिया गांव गई थी। मंगलवार की सुबह वह मायके से ससुराल के लिए निकली। लेकिन घर नहीं पहुंची। इसकी जानकारी होते ही मायके व ससुराल वाले उसकी तलाश में जुट गए।
देर रात तक मीरा का कुछ पता नहीं चला। बुधवार की सुबह रीवा बभनगावां गांव स्थित पंचायत भवन के पास उसका शव ग्रामीणों ने देखा। सूचना पर ससुराल व मायके वालों के साथ ही गंभीरपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पति अवधेश सरोज ने बताया कि मीरा की मानसिक हालत ठीक नहीं चल रही थी। सात सितंबर 2019 को भी मीरा एक वर्षीय पुत्र पुलकित को लेकर घर के सामने स्थित कुएं में कूद गई थी। मीरा को तो बचा लिया गया था लेकिन बच्चे की मौत हो गई थी। एक आठ साल का पुत्र हर्षित है।