आजमगढ़। आठ अक्तूबर को वृहद रोजगार मेला के आयोजन को लेकर जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। उन्होंने वृहद रोजगार मेले के आयोजन के लिए डीएवी इंटर कालेज का चयन के लिए निर्देशित किया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोजगार मेले के आयोजन के लिए ब्लाक स्तर पर वृहद प्रचार-प्रसार कराया जाय, जिससे कि ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक बेरोजगार युवा इससे लाभान्वित हों।
जिलाधिकारी ने सहायक निदेशक सेवायोजन को निर्देशित किया कि सेवायोजन विभाग के पोर्टल sewayojan.up.nic.in का ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करें। ताकि अधिकाधिक संख्या में बेरोजगार अभ्यर्थी आनलाइन आवेदन कर सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि वृहद रोजगार मेले में अधिकाधिक कंपनियों से प्रतिभाग कराएं।
उन्होंने समन्वयक कौशल विकास मिशन को निर्देश दिया कि ट्रेनिंग प्रोवाइडर के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं का प्लेसमेंट कराएं। प्लेसमेंट न कराये जाने पर संबंधित ट्रेनिंग प्रोवाइडर का भुगतान रोकें। उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि स्थानीय उद्यमियों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में प्रतिभाग कराएं एवं अपने उद्यम के लिए उपयुक्त बेरोजगारों को अपने संस्थान में नियोजित भी करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्लंबरिंग आदि ट्रेडों से प्रशिक्षित युवाओं को जल जीवन मिशन के कार्याें में नियोजित कर रोजगार उपलब्ध कराएं। इस मौके पर सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी वकील अहमद अंसारी, सेवायोजन कार्यालय से अवधेश कुमार आदि उपस्थित रहे।