फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चौपाल में फरियादियों की भीड़

Fri, 20 Mar 2015 11:42 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, आजमगढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
मेहनगर तहसील परिसर में शुक्रवार को ‘अमर उजाला’ की तरफ से आयोजित ‘चौपाल’ में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान तहसील क्षेत्र में मौजूद जर्जर सड़कें और खस्ताहाल बिजली व्यवस्था का दर्द देखने को मिला। हालांकि संवाद के दौरान उपस्थित अधिकारियों की जुबान जनता का जवाब देने में कई बार लड़खड़ाई लेकिन कई मामलों की सुनवाई कर त्वरित निस्तारण करने और यथासंभव शेष की जांचकर पूरी करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन


चौपाल में बिजली विभाग के जेई आए लेकिन सवालों का बौछार होने से पूर्व ही चले गए। साथ ही सरकारी योजनाओं से भी फरियादियों को अवगत कराया गया। चौपाल में सर्वाधिक समस्याएं धान क्रय केंद्र की स्थापना के साथ तहसील मुख्यालय पर सीओ सर्किल और कोषागार का न होना था।

इस मुद्दे को जनता की तरफ से प्रभारी उपजिलाधिकारी मेहनगर अरविंद कुमार के समक्ष भाजपा के अनुसूचित मोर्चा के  जिलाध्यक्ष तीजा राम और भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अरविंद सिंह ने रखा। सीओ सर्किल के न होने से दुश्वारियों के बारे में बताया गया। प्रभारी एसडीएम अरविंद कुमार ने कहा कि यह शासन स्तर का मामला है, इसकी भरपाई तो जनप्रतिनिधि स्तर से की जा सकती है।
विज्ञापन


रही बात धनक्रय केंद्र की तो उसकी जानकारी कर उस पर वे कार्रवाई जरूर करेंगे। तहसील क्षेत्र के रसूलपुर निवासी और पेशे से अधिवक्ता अशोक यादव ने गांव में मौजूद एएनएम सेंटर की बदहाल दशा पर, अधिवक्ता विनोद और लाल जी यादव ने तहसील मुख्यालय से लेकर गांवों में व्याप्त अतिक्रमण और जर्जर बिंद्रा बाजार से मेहनगर की सड़क की समस्या को उठाया।

इसके अलावा तरवां थाना क्षेत्र के टंडवा खास गांव में स्थगन आदेश के बाद भी बैनामाशुदा जमीन पर हो रहे निर्माण के मुद्दे को पीड़िता उर्मिला रामबरत को उठाया गया। साथ ही तहसील मुख्यालय पर कम होते लेखपालों के मुद्दे को जिला लेखपाल संघ के अध्यक्ष हरिद्वार सिंह ने उठाया।

सीएचसी मेहनगर प्रभारी डा. युगुल किशोर ने उपस्थित फरियादियों को राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही इंद्रधनुषीय योजना से अवगत कराया। बोले, इसका मकसद गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ दो वर्ष से कम उम्र वाले बच्चों को स्वास्थ्यपरक टीका लगाना है।

परेशान उर्मिला को भी अमर उजाला की चौपाल में मिला न्याय ः चौपाल में कई समस्याएं आईं लेकिन चार मामलों का तुरंत निस्तारण किया गया। इसमें पीड़िता उर्मिला को त्वरित न्याय मिला। तहसील क्षेत्र मेहनगर और थाना क्षेत्र तरवंा के टंडवा खास गांव निवासी उर्मिला देवी के बैनामाशुदा जमीन में कुछ मनबढ़ जबरदस्ती निर्माण करा रहे थे। पीड़िता उर्मिला तहसील और थाने का चक्कर फरवरी से लगा रही थी।

शुक्रवार को अमर उजाला के चौपाल में उर्मिला ने मामले को पेश किया। प्रभारी एसडीएम अरविंद कुमार मेहनगर अरविंद ने तुरंत लेखपाल और कानूनगो को बुलवाया और थानाध्यक्ष तरवां को अवैध निर्माण रोकने का आदेश जारी किया। उन्होंने अतिक्रमण के अन्य मामलों में थानाध्यक्ष मेहनगर विनोद सोनकर को कार्रवाई करने को कहा।

रसूलपुर गांव स्थित एएनएम सेंटर कल से एएनएम के पहुंचने का आश्वासन सीएचसी मेहनगर प्रभारी डा. युगुल किशोर राय ने दिया। सीएचसी में शुल्क का विवरण मामले पर उन्होंने मार्च के बाद दूर करने का आश्वासन दिया। प्रभारी एसडीएम ने अमर उजाला के इस प्रयास को सराहा। बोले, बहुत अच्छा होता है जब आमने-सामने चरचा करके समस्याओं को निस्तारित किया जाए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें