बिंद्राबाजार। गभीरपुर पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार की सुबह मुठभेड़ में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा बदमाश फरार हो गया। मुठभेड़ गंभीरपुर थाने के बाईपास नहर पुलिया के पास हुई। बदमाशों ने रविवार की शाम बिंद्रा बाजार-लालगंज मार्ग पर एक सराफ से लूट का प्रयास किया था। उसे गोली मार कर फरार हो गए थे।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बिंद्राबाजार निवासी पप्पू सिंह की बिंद्रा बाजार में आभूषण की दुकान है। रविवार की शाम लगभग 6.30 बजे पप्पू सिंह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान दुकान पर बाइक सवार दो बदमाश आए और लूट का प्रयास किया। इस दौरान पप्पू सिंह से बदमाशों की हाथापाई हो गई। लूट में असफल बदमाशों ने पहले जमीन पर फायरिंग की, उसके बाद व्यापारी के कंधे में गोली मार दी। फिर फरार हो गए थे।
एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मुठभेड़ में फरदीन नामक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है। यह रविवार की सराफ से लूट की कोशिश और फायरिंग की घटना में शामिल था। इसका साथी जब दुकान में फायरिंग कर बाहर आया तो यह मोटरसाइकिल पर उसका इंतजार कर रहा था। वह साथी को लेकर फरार हो गया था। बदमाश के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। इसका साथी भाग गया है। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।