आजमगढ़। जीयनपुर कस्बे में बुधवार को दरिंदगी की शिकार हुई बच्ची की हालत गंभीर हो गई है। उसे जिला महिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। परिजन उसे लेकर वाराणसी रवाना हो गए है। वहीं, आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
कस्बे की रहने वाली एक नौ वर्षीया बच्ची अक्सर ही अपने पड़ोसी के घर खेलने के लिए जाया करती थी। बुधवार की सुबह भी बच्ची पड़ोसी के घर गई। पड़ोसी का 20 वर्षीय पुत्र दानिश उसे घुमाने के बहाने बाइक पर बैठा कर अपने टेंट हाउस पर ले गया जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे किसी से कुछ न बताने की बात कहते हुए धमकी भी दी। फिर बाइक से बैठा कर वापस घर लाकर छोड़ दिया। बच्ची ने अपने परिजनों को सारी बात बता दी। इसके बाद दोनों परिवारों में पंचायत शुरू हो गई। शाम तक पंचायत चली लेकिन कोई हल नहीं निकला। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को तत्काल इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा। वहीं आरोपी को भी बुधवार को ही गिरफ्तार कर लिया। जिला महिला अस्पताल में बच्ची का इलाज चल रहा था। रात में हालत गंभीर हो गई। इस पर महिला अस्पताल प्रशासन ने अपने हाथ खड़े कर दिए और बच्ची को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर वाराणसी गए हैं।