यातायात माह की समाप्ति पर यातायात पुलिस की ओर से सोमवार को स्कूली बच्चों के साथ नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली नगर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण करते हुए पुलिस लाइन परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।
रैली में महर्षि विद्या मंदिर, केंद्रीय विद्यालय हीरापट्टी और जीडी ग्लोबल स्कूल के बच्चे शामिल थे। यातायात प्रभारी जय प्रकाश यादव ने महर्षि विद्या मंदिर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली विद्यालय से निकलकर रैदोपुर तिराहा, गांधी तिराहा, अग्रसेन चौराहा, सिविल लाइंस, गिरिजाघर चौराहा होते हुए पुलिस लाइन परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। जहां मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक रतनकुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अशोक वर्मा और नगर पालिकाध्यक्ष इंदिरा देवी जायसवाल ने लोगों को संबोधित करते हुए यातायात नियमों की जानकारी दी।
यातायात माह के सकुशल संपन्न होने पर अपर पुलिस अधीक्षक यातायात हफीजुर्रहमान ने सभी पुलिस कर्मियों की सराहना की।