फूलपुर। कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर बरौली गांव निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ननिहाल सरायमीर जाने के लिए घर से निकला युवक करन (25 वर्ष) का शव शुक्रवार सुबह पानी से भरे गड्ढे में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि करन बृहस्पतिवार को अपने ननिहाल सरायमीर जाने के लिए घर से निकला था। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे उसका शव फूलपुर देहात रोडवेज स्थित सरकारी शराब दुकान से कुछ दूरी पर पानी से भरे गड्ढे में दिखाई दिया।
मौके पर पहुंचे करन के भाई अरुण कुमार उसे सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने करन को मृत घोषित कर दिया। अरुण कुमार ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि करन शराब पीने का आदी था और घर से ननिहाल जाने के लिए निकला था। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था और शटरिंग का काम करता था। कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।