आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के बनगांवा खरका गांव निवासी विवाहिता ने सोमवार की रात घर पर ही छत के चुल्ले से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। सुबह घटना की जानकारी होते ही सास व ससुर घर छोड़ कर फरार हो गए। वहीं जानकारी होने पर मृतका का पिता मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेंहनगर थाना क्षेत्र के बछवल गांव निवासी चैनू ने अपनी पुत्री 25 वर्षीय इंद्रकला का विवाह तरवां थाना क्षेत्र के बनगांवा खरका गांव निवासी सुसेंद्र से किया था। सुसेंद्र वर्तमान में रोजीरोटी के लिए कहीं बाहर रहता है। इंद्रकला अपने तीन बच्चों व सास-ससुर के साथ ससुराल में रहती थी। सोमवार की रात खाना बनाने और खाने के बाद देर रात उसने अपने कमरे में छत के चुल्ले से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। सुबह बच्चों व सास-ससुर ने देखा तो चीख पड़े। घटना की जानकारी होते ही सास-ससुर घर छोड़ कर फरार हो गए। किसी माध्यम से घटना की सूचना मृतका के मायके पहुंची। जिस पर पिता चैनू मौके पर पहुंचे और तरवां थाना पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को फंदे से उतरवाया और पीएम के लिए मर्चरी भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक थाने पर कोई तहरीर नहीं दी गई थी। मृतका दो पुत्र व एक पुत्री की मां थी।