सरायमीर। रेलवे स्टेशन के पास गढ़वा मुहल्ले में स्थित रेलवे क्रासिंग पर बैरियर पार कर ट्रैक के बीचोबीच से बाइक चलाते हुए एक युवक स्टेशन की तरफ जाने लगा। जबकि ट्रेन कुछ ही पीछे थी। क्रासिंग पर खड़े लोगों का शोर सुनकर गेटमैन ने लोगों की मदद से युवक को पकड़कर ट्रैक से हटाया। वहीं ट्रेन की गति धीमी होने की वजह से चालक ने ब्रेक मारकर ट्रेन को रोका। युवक के माफी मांगने पर लोगों ने उसे छोड़ दिया। जबकि युवक के पकड़े जाने पर उसके साथ के दो दोस्त भाग निकले। एसपी त्रिवेणी सिंह ने जांच कर थाना प्रभारी से रिपोर्ट मांगी है।
शाहगंज-बलिया पैसेंजर ट्रेन बुधवार की सुबह शाहगंज से आजमगढ़ की ओर आ रही थी। ट्रेन के सरायमीर रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले ही खपड़ा गांव और सरायमीर बाजार मार्ग पर मुहल्ला गढ़वा में रेलवे क्रासिंग पड़ती है जिस पर फाटक लगा हुआ है। बुधवार की सुबह 6.35 बजे पैसेंजर ट्रेन के आने से पहले ही फाटक गिर गया था। दोनों तरफ वाहनों की कतार लगी थी। तभी एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे और बाइक को फाटक पार कर ट्रैक के बीच में ले जाकर एक युवक चलाने लगा जबकि साथ के दो युवक उतर गए। बाइक चला रहा युवक ट्रेन के आगे बाइक चलाने लगा। यह देखकर वहां मौजूद लोग शोर मचाने लगे। इस दौरान गेटमैन इंद्रसेन सिंह भागकर ट्रैक पर पहुंचा और लोगों के सहयोग से युवक और बाइक को हटाकर मार्ग सुचारु किया। युवक की इस हरकत के दौरान पैंसेजर ट्रेन की गति धीमी थी। यदि कोई सुपरफास्ट ट्रेन रही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। ट्रेन सात बजकर पांच मिनट पर रवाना हुई। उधर युवक के माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच करते हुए प्रभारी निरीक्षक सरायमीर से रिपोर्ट मांगी गई है।