सरायमीर। थाना क्षेत्र के कस्बे के वार्ड नंबर 3, गढ़वा मोहल्ला में बुधवार की रात 10 बजे एक मकान के निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। विवाद के चलते दोनों पक्षों के चार-चार लोग थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गढ़वा मोहल्ला निवासी अकरम निवासी हसनपुर ने उक्त स्थान पर एक मकान में शटरिंग का काम शुरू किया था। अकरम का दावा है कि उन्होंने इस संपत्ति की रजिस्ट्री कराई है और हाल ही में राज नारायण के साथ चल रहा मुकदमा समाप्त हो चुका है। राज नारायण ने लिखित रूप से संपत्ति पर अकरम का कब्जा स्वीकार कर लिया था। विवाद तब शुरू हुआ जब गढ़वा मोहल्ले के कुछ एससी एसटी समुदाय के लोगों ने निर्माण में उपयोग हो रहे पटरा और बल्ली को पास के पोखरे में फेंक दिया। अकरम ने आरोप लगाया कि राम और उनके साथियों ने निर्माण कार्य के दौरान उन पर हमला किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी और तनाव बढ़ गया। रात में ही दोनों पक्षों के चार-चार लोग सरायमीर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।
प्रभारी निरीक्षक यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि अकरम को मकान निर्माण के लिए लिखित अनुमति दी गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और दोनों पक्षों को थाने में बुलाकर शांतिपूर्ण ढंग से मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।