कप्तानगंज। गोपालपुर/परशुरामपुर तहसील निर्माण संघर्ष समिति के पदाधिकारियों की बैठक जिगिना करमनपुर गांव में हुई। जिसमें गोपालपुर तहसील निर्माण संकल्प एवं हस्ताक्षर अभियान पर चर्चा की गई। इस दौरान ‘तहसील नहीं तो वोट नहीं’, ‘हमारी मांगें पूरी हों चाहे जो मजबूरी हो’ आदि नारे लगे। गांव में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में 327 लोगों ने हस्ताक्षर किया।
संयोजक पूर्व प्रधानाचार्य रामचंद्र राय ने कहा कि यह अभियान विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में चलेगा। सरकार द्वारा जो सर्वे तहसील निर्माण के लिए कराया गया था। उसे आधार मानकर शासन द्वारा गोपालपुर/परशुरामपुर को तहसील घोषित किया जाए। प्रधान पति रामबास राम ने कहा कि हमारा पूरा गांव इस अभियान में तन, मन, धन से सहयोग करेगा। संरक्षक रामकेवल यादव ने कहा ताकत सरकार में नहीं जनता में होती है। जनता जागरूक हो रही है, तहसील का गठन होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक का संचालन अखिल सिंह चौहान ने किया। उन्होंने कहा कि यदि जनता की मांग सरकार नहीं मानती है तो अगले विधानसभा चुनाव के बहिष्कार किया जाएगा। इस मौके पर हरीराम यादव, चंद्रकेश चौहान, दिनेश चौहान, संतोष यादव, विनोद राय, नागेंद्र राय, अखिलेश, शुभम राय, विकास राय, भलचंद राय आदि उपस्थित थे।