मालटारी (आजमगढ़)। चार सौ ग्राम संतरे का दाम मांगने से नाराज मनबढ़ों ने जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के पकवाइनार बाजार में शनिवार की रात जमकर उत्पात मचाया। उन्होंने न सिर्फ चार दूकानदारों को मारपीट कर घायल कर दिया बल्कि दूकानों में तोड़फोड़ भी की। इस घटना से नाराज बाजार के लोगों ने रविवार की सुबह चक्काजाम कर दिया। डेढ़ घंटे बाद पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर रास्ता खुलवाया। घायल दूकानदारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जीयनपुुर कोतवाली क्षेत्र के जमीन मोहम्मदपुर गांव निवासी वृद्ध खरगू राम की पकवाइनार बाजार में फल की दूकान है। शनिवार की शाम करीब छह बजे जोगियावीर और भोखवा गांव के कुछ लड़के उनकी दूकान पर पहुंचे और चार सौ ग्राम संतरा लेकर जाने लगे। दाम मांगने पर वे नाराज हो गए और दूकानदार को धमकाने लगे। इस दौरान कहासुनी भी हुई, लेकिन बाजारवासियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया। उधर, करीब आधे घंटे बाद मनबढ़ लड़के अपने कई दोस्तों के साथ बाइक और टेंपो में सवार होकर बाजार पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने लोगों को पीटना शुरू कर दिया। मनबढ़ों ने कई दूकानों में तोड़फोड़ भी शुरू कर दी। इससे बाजार में अफरातफरी मच गई। लोग अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। पिटाई में दूकानदार खरगू राम (65), संजय राम (26), राकेश कुमार (24) और रुदल (36) घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पचाल में भर्ती कराया गया है।
इधर इस घटना से नाराज बाजार के लोगों ने रविवार की सुबह दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्य चौक पर बिलरियागंज-जीयनपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर जीयनपुर कोतवाली पर तैनात उपनिरीक्षक राकेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोषियों को चिह्निभनत कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर पूर्वांह्न 11 बजे से लगा जाम दोपहर 12:30 बजे समाप्त कराया। इस दौरान मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। जीयनपुर के कोतवाल सत्यनारायण वर्मा ने बताया कि अज्ञात लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।