फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के सजई गांव में शनिवार की रात रोशनदान तोड़कर घर में घुसे चार बदमाशों ने किशोरी को बंधक बनाकर 20 हजार रुपये नगदी सहित दो लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। रात करीब एक बजे घटना की जानकारी होने पर घर की महिला ने पुलिस को सूचना दी। करीब दो बजे मौके पर कोतवाल फूलपुर और प्रभारी चिकित्साधिकारी फूलपुर मौके पर पहुंचकर मुआयना किए। पुलिस महिला की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
रौनापार थाना क्षेत्र के वर्डिहां गांव निवासी कुमुद राय पत्नी अशोक राय स्वास्थ्य विभाग में एनएम हैं। वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पर तैनात हैं। सजई गांव में स्थित सरकारी भवन में रहती हैं। कुमुद की भतीजी आंचल राय (17) इनके साथ रहकर यहीं से पढ़ाई करती है। शनिवार की रात कुमुद एक कमरे में सोई थी। जबकि आंचल बगल वाले कमरे में सो रही थी। रात करीब बाहर बजे चार बदमाश सुनसान माहौल पाकर शौचालय के सहारे छत पर चढ़े और रोशनदान तोड़कर भीतर घुस गए। चोर आंचल के कमरों में रखे अटैची और बक्सा तोड़कर खंगाल रहे थे।
तभी आंचल की नींद टूट गई। आंचल को जगा देख आरोपी उसे पकड़ लिए और घूसों से मुंह पर प्रहार कर घायल कर दिया। आंचल के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उसके हाथ और पैर बांध दिए। इसके बाद कमरे में रखे 20 हजार रुपये नगदी सहित दो लाख रुपये के कान की बाली, सोने का लाकेट, चेन आदि समेट लिए और पीछे का दरवाजा खोलकर भाग गए। जबकि बंधक बनी आंचल चारपाई पर कराहती रही। रात करीब एक बजे कुमुद की नींद खुली और वह आंचल के कमरे में गई तो उन्हें घटना की जानकारी हुई।
उसने तुरंत पुलिस कंट्रोल रुम और चिकित्साधिकारी फूलपुर को सूचना दी। करीब एक घंटे बाद दो बजे कोतवाल फूलपुर अनिल चंद तिवारी और चिकित्साधिकारी फूलपुर डा. एसके गौमत मौके पर पहुंचकर मुआयना किए। कोतवाल अनिल चंद तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना संदिग्ध लग रही है। एनएम कुमुद की तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।