लाटघाट। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के लाटघाट-अमिला मार्ग पर किराये के मकान में रह रहे शिक्षक के बंद घर से चोरों ने लाखों का माल पार कर दिया। शिक्षक लॉकडाउन के चलते स्कूल बंद होने पर घर में ताला बंद कर घर चले गए थे। वापस लौटने पर घटना की जानकारी हुई। शिक्षक ने घटना के बाबत अज्ञात चोरों के खिलाफ थाने पर तहरीर दे दिया है।
विक्रम इंटर कालेज मुहम्मदपुर पर तैनात प्रवक्ता मानवेंद्र विद्यार्थी व देवेंद्र सिंह लाटघाट-अमिला मार्ग पर किराये पर कमरा लेकर रहते है। 24 मई को मानवेंद्र अपने गांव इलाहाबाद चले गए और देवेंद्र सिंह मालटारी जीयनपुर चले गए। बुधवार की शाम दोनों शिक्षक अपने किराये के कमरे पर आये तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर जाने पर कमरे में रखा सारा सामान गायब था। देवेंद्र सिंह के कमरे से इनवर्टर, बैटरी, लैपटॉप, मानिटर, साइकिल, अटैची व 35 हजार नकद तथा मानवेंद्र के कमरे से बैट्री, इन्वर्टर, टीवी समेत लगभग ढाई लाख का माल उठा ले गए। पीड़ित शिक्षकों ने घटना के बाबत थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दे दी है।
वहीं सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर निवासी एक शिक्षक के बंद घर में घुसे चोरों ने नकदी व जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। अंबेडकरनगर के मूल निवासी मुनीश वर्मा एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक है। वे जाफरपुर गांव निवासी रामधारी यादव के मकान में किराये पर कमरा लेकर परिवार के साथ रहते है। बीते गुरुवार को मकान पर ताला बंद कर वे अपने गांव चले गए। वापस लौटे तो ताला टूटा हुआ था और चोर आलमारी व बक्सा का ताला तोड़ कर नकदी व जेवरात आदि उठा ले गए थे। पीड़ित ने घटना के बाबत थाने पर तहरीर दे दी है।