श्री दुर्गा जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, चंडेश्वर में विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण को लेकर शिक्षक संघ ने बृहस्पतिवार को प्राचार्य कक्ष में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
शिक्षकों के कार्य से विरत रहने के कारण महाविद्यालय में पठन-पाठन प्रभावित रहा, जिससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।शिक्षक संघ का कहना है कि महाविद्यालय प्रशासन को कई बार मांग पत्र सौंपने और पूर्व में हुई बैठकों में लिए गए निर्णयों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया।
संघ की 29 जुलाई को हुई बैठक में पारित प्रस्तावों के आधार पर अध्यक्ष डॉ. प्रवेश कुमार सिंह एवं महामंत्री डॉ. मुकुल दत्त पाण्डेय ने प्राचार्य को आठ सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की थी।
पदाधिकारियों का आरोप है कि 08 अप्रैल 2026 की बैठक में पारित प्रस्तावों पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई।
शिक्षकों ने एनपीएस पासबुक का अद्यतन कराने, इसके लिए समिति गठित करने, महंगाई भत्ता (डीए) एवं अन्य एरियर का भुगतान, सभी कक्षाओं और शिक्षक कक्षों में पंखों की मरम्मत एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था आदि की मांग उठाई।
चेतावनी दी कि जब तक सभी मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान प्रो. मधुबाला राय, प्रो. शैलेंद्र विक्रम सिंह, डॉ. ईश्वर चंद्र त्रिपाठी, डॉ. वीरेंद्र कुमार दूबे, डॉ. अजीत प्रताप सिंह, डॉ. चंद्र विकास मौर्य, डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. फखरे आलम आदि मौजूद रहे।