आजमगढ़। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में शुक्रवार को जिले के दो शिक्षकों और एडीआईओएस के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि गाली-गलौज होने लगी। विवाद का कारण कुर्सी पर बैठने को लेकर बताया जा रहा है। वहीं एडीआईओएस वीरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि संबंधित शिक्षकों को कार्यालय में आने पर प्रतिबंधित किया जाएगा।
शिक्षक संगठन के एक शिक्षक नेता एक विद्यालय के प्रबंधक प्रतिनिधि के पास पहुंचे। इस दौरान वह डीआईओएस से मिलने गए। जहां पर कुछ लोग बैठे थे। उन्होंने आगंतुक कक्ष में बैठकर बात करने की बात कही। जब वह आगंतुक कक्ष में पहुंचे तो वहां पर कुर्सी नहीं थी।
शिक्षक ने वहां पर तैनात चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी से कुर्सी लाने के लिए कहा। जब वह एडीआईओएस के कक्ष से कुर्सी लेने गया तो वहां मना कर दिया गया। इसी बात को लेकर शिक्षक व एडीआईओएस के बीच कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ा कि गाली-गलौज भी हुई। एडीआईओएस वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षक द्वारा अभद्रता की गई है। इसे लेकर वह कार्रवाई करेंगे। कार्यालय में आने पर दोनों शिक्षकों को प्रतिबंधित किया जाएगा। वहीं शिक्षक नेता ने बताया कि एडीआईओएस द्वारा ही अभद्रता की गई।