बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा बाजार में शनिवार की दोपहर अनियंत्रित डीसीएम से कुचलकर शिक्षक की मौत हो गई। वहीं अतरौलिया कस्बे के शांति चौक पर ट्रक से कुचलकर महिला की मौत हो गई।
इलाहाबाद जिले के फूलपुर थाने के सदरेपुर सरायमनरेज गांव निवासी विनोद कुमार (37) पुत्र भगेलू आजमगढ़ के ओहनी में स्थित जनता इंटर कालेज आतापुर में हिंदी के शिक्षक थे। उनकी ड्यूटी शहर के डीएवी कालेज में बोर्ड परीक्षा की कापियां जांचने में लगी हुई थी।
शनिवार को विनोद कुमार कॉपी जांचने के बाद अपनी बाइक से इलाहाबाद जा रहे थे। बाइक चलाते समय हेलमेट भी लगाया था। वह जैसे ही ठेकमा बाजार के मध्य में पहुंचे कि उनकी बाइक में सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी।
इस दौरान विनोद सड़क पर गिर गए। तभी अनियंत्रित डीसीएम ने उसे कुचल दिया।उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसीक्रम में अतरौलिया थाना क्षेत्र के कटोही गांव निवासी राजपति देवी (55) पत्नी आत्मराम अग्रहरी की बेटी खूशबू (22) की अप्रैल माह में शादी है।
इसलिए वह शनिवार को अपने बेटे सुरेंद्र (28) और बेटी खूशबू के साथ अतरौलिया में खरीदारी करने आई थी। खरीदारी कर तीनों एक बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में अनियंत्रित ट्रक ने टक्कर मार दिया। जिससे मां बेटी बीच सड़क पर गिर गई और उन्हें ट्रक ने कुचल दिया।
जिससे दोनों घायल हो गई। राजपति देवी की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसकी बेटी खूशबू का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा। जहां हालत गंभीर बनी हुई है।