गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाइ की बाजार के पास दुर्घटना करने वाली गाड़ी। संवाद
बिंद्राबाजार। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाइ की बाजार के समीप एनएच-4 मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार दलसिंगार राम की मौत हो गई। जिस कार ने टक्कर मारी थी उस कार पर भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी लिखा हुआ है। पुलिस ने कार कब्जे में ले लिया और चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रोहुआ गांव निवासी दलसिंगार राम (50) सोमवार सुबह करीब आठ बजे साइकिल से गोसाई की बाजार स्थित अपनी सिलाई की दुकान पर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह नंद पेट्रोल पंप के पास एनएच-4 मार्ग पार कर रहे थे, तभी तेज स्विफ्ट कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल पहुंचाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी दौरान उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलने पर गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार चालक को वाहन समेत हिरासत में लेकर थाने भेज दिया है। मृतक दलसिंगार राम गोसाई की बाजार में कपड़े सिलने का काम करते थे। वह चार पुत्रों के पिता थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि वाहन चालक को कार सहित हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।