नव वर्ष के उपलक्ष्य में भवरनाथ मंदिर में आयोजित बाबा भवरनाथ शृंगार उत्सव और शिव जागरण में श्रद्धालु झूमते रहे। एक तरफ बारिश ने जहां लोगों के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में खलल डाला वहीं दूसरी ओर मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भगवान शिव के तांडव नृत्य ने सबको दीवाना बना दिया।
शिवजागरण की शुरुआत जयप्रकाश दुबे दीपू द्वारा कलाकारों को तिलक लगाकर और अंगवस्त्रम् भेंटकर किया। राजेश रंजन ने गणेश वंदना से शुरुआत की। दृष्टि वर्मा ने गीत पेश किया। लखनऊ से आए कलाकार आनंद, चंदा कैसेट की मुख्य नायिका दीपांशी वर्मा ने राधा कृष्ण की होली और शंकर पार्वती तांडव नृत्य की प्रस्तुति कर सभी का मन मोह लिया। आनंद द्वारा भगवान गणेश और भोलेनाथ की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। राधा-कृष्ण की झांकी भी लोगों को मोह गई। सोनू ने देशभक्ति के गीतों पर डांस कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की समाप्ति पर भंडारे का आयोजन किया गया।