आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सकरा मऊ गांव में मंगलवार तड़के 25 वर्षीय विवाहिता मृतका की वर्षा विश्वकर्मा (25) पत्नी जयहिंद विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के बाहर स्थित पशुशाला के टिन शेड में लोहे की पाइप से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
सुबह करीब चार बजे घटना की जानकारी होने पर पति और सास ने उसे नीचे उतारा और उपचार के लिए जौनपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय, नायब तहसीलदार मार्टीनगंज अरुण कुमार कोल, थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतका के पिता रामफेर विश्वकर्मा, निवासी पचेवरा (थाना गौरा बादशाहपुर, जौनपुर) ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में शादी के बाद से उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों ने वर्षा की हत्या की है।
इसे भी पढ़ें; UP Crime: क्राइम ब्रांच बनकर लूट करने वाला गैंग बेनकाब, भोपाल के अंतरराज्यीय गैंग के दो आरोपी भेजे गए जेल
वहीं, पति जयहिंद विश्वकर्मा का कहना है कि वह पिछले छह माह से पत्नी के कहने पर हरियाणा की नौकरी छोड़कर घर पर रह रहा था। उनके अनुसार, मंगलवार भोर में पत्नी घर से बाहर चली गई और काफी तलाश के बाद वह पशुशाला में फंदे से लटकी मिली। मृतका अपने पीछे दो वर्षीय पुत्री को छोड़ गई है।
क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय ने बताया कि मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।