सिधारी थाना क्षेत्र के परमेश्वरपुर गांव में निवासिनी विवाहिता बुधवार की देर रात फांसी के फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दिया। जिस पर सिधारी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रानी की सराय थाना क्षेत्र के चकमेहुंआ गांव निवासी प्रदूम चौहान के चचेरी बहन संयोगिता (23) का 2018 में सिधारी थाना के परमेश्वरपुर गांव निवासी रामदयाल के साथ विवाह हुआ था। बुधवार की देर रात संयोगिता खाना खाने के बाद अपने 14 माह के बच्चे को लेकर अपने कमरे में सोने चली गई। रात में बच्चे के रोने की आवाज पर ससुराल वाले उसके कमरे पर पहुंचे और आवाज दिया तो कोई उत्तर अंदर से नहीं मिला। काफी देर दरवाजा पीटने के बाद परिजनों ने जब कमरे का दरवाजा तोड़ा तो संयोगिता छत के चुल्ले से फंदे पर लटक रही थी। रात में ही गांव के किसी व्यक्ति ने घटना की सूचना मृतका के मायके वालों को दिया। जिस पर चचेरा भाई प्रदूम मौके पर पहुंचा और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का पति रोजीरोटी के लिए पूना रहता है।