आजमगढ़। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक शुक्रवार को शहर के स्वर्णकार धर्मशाला में हुई। इसमें सरकार द्वारा लगाए टैक्स पर चर्चा किया गया। दुकानों पर हो रही छापेमारी बंद किए जाने की मांग की गई।
प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि केंद्र सरकार ने व्यापारियों सहित सभी को 12 लाख तक की आय को करमुक्त कर दिया है। टीडीएस की सीमा 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख कर दी है। इसी तरह आयकर फाइलिंग की सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर चार वर्ष कर दी है। इससे व्यापारियों को भारी सहूलियत होगी, लेकिन प्रदेश के अधिकांश जनपदों में हाउस टैक्स में भारी इजाफा किया जा रहा है।
हाउस टैक्स की बढ़ोतरी 500 से 2000 तक की गई है जो सरासर अन्याय है। कहा कि हाउस टैक्स या कोई भी टैक्स 10 प्रतिशत से अधिक नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। जिस जिले में हाउस टैक्स 10 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ाया जाएगा वहां व्यापार मंडल आंदोलन करेगा और उसे लागू नहीं होने दिया जाएगा। संवाद