एकादशी के पर्व को लेकर शहर से लेकर कस्बों तक गन्ने की जमकर बिक्री हुई। पूजन में गन्ने का विशेष महत्व होने के कारण महंगा होने के बावजूद लोगों ने इसकी खूब खरीदारी की। इस बार गन्ने की कीमतों पर महंगाई का असर साफ नजर आया।
आम दिनों में 10 से 15 रुपये प्रति पीस बिकने वाला लाल गन्ना पर्व पर 20 से 25 रुपये प्रति पीस तक बिका। वहीं, कुछ स्थानों पर 40 रुपये में छह पीस की दर से बिकने वाला गन्ना 100 रुपये में छह पीस की दर से बेचा गया।
पर्व को लेकर आसपास के गांवों से किसान और व्यापारी ट्रैक्टर-ट्रालियों में गन्ना लेकर शहर पहुंचे थे। मुख्य चौक, पहाड़पुर, सिविल लाइंस, ब्रह्मस्थान और पुरानी सब्जी मंडी चौक समेत कई स्थानों पर गन्ने की दुकानें सजी थीं। सुबह से ही खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी, जो देर शाम तक बनी रही।
मेजवां : फूलपुर कस्बे में एकादशी के पर्व को लेकर प्रमुख चौराहों पर लाल गन्ने की दुकानें सज गई हैं। इस क्षेत्र में आमतौर पर सफेद गन्ने की पैदावार अधिक होती है, जबकि लाल गन्ने की खेती अंबेडकरनगर जिले के बसखारी क्षेत्र के न्योरी गांव में प्रमुखता से की जाती है।
वहां के व्यापारी गन्ना लाकर फूलपुर सहित आसपास के बाजारों में बेचते हैं। किसानों के अनुसार सफेद गन्ने की मिठास अधिक और बनावट सख्त होती है, जबकि लाल गन्ना मुलायम होता है और उसका रस पतला होता है।
आम दिनों में 10 से 15 रुपये प्रति पीस बिकने वाला लाल गन्ना इन दिनों 20 से 25 रुपये में बिक रहा है। उधर, एकादशी पर्व को लेकर नागा बाबा पोखरे पर रंगोली प्रतियोगिता की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वहीं, कुम्हार रिक्शा-ठेलों पर मिट्टी के दीये रखकर घर-घर बिक्री कर रहे हैं।