छात्रवृत्ति की मांग को लेकर गुरुवार को समाज कल्याण कार्यालय पर धरने पर बैठा छात्र नेता बेहोश हो गया। छात्र नेता को जिला अस्पताल में भर्ती कराने के बाद सदर गेट के सामने छात्रों ने चक्काजाम कर दिया। एडीएम वित्त एवं राजस्व के आश्वासन पर तीन घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।
बताते चलें कि जनपद में छात्रवृत्ति की मांग को लेकर छात्रनेता काफी दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को अपनी छात्रवृत्ति न मिलने से नाराज बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मालटारी गांव निवासी छात्रनेता शैलेश समाज कल्याण कार्यालय पर अनशन पर बैठ गया। दोपहर लगभग एक बजे शैलेश गश खाकर गिर पड़े।
साथियों ने उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। उसके बाद आक्रोशित छात्रों और छात्र नेताओं ने जिला अस्पताल गेट के सामने चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही नगर कोतवाल मौके पर पहुंच गए, उन्होंने छात्रों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं माने। तभी सीओ सीटी केके सरोज और एसडीएम सदर एके सिंह भी मौके पर पहुंचे। वे लोग भी असफल हुए। काफी देर बाद एडीएम वित्त एवं राजस्व मौके पर पहुंचे।
उन्होंने छात्रों को आश्वासन देकर जाम को समाप्त कराया। दोपहर दो बजे लगाया गया जाम शाम को लगभग पांच बजे समाप्त हुआ।