खड़ंजा के निर्माण में घटिया ईंट समेत अन्य सामग्री के इस्तेमाल से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को अजगरा मगर्वी के माधो का पुरा पुलिया के पास प्रदर्शन किया। एसडीएम सगड़ी से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
बता दें कि हरैया ब्लाक के बेलहिया ढाला से अजीगरा मगर्वी तक क्षेत्र पंचायत द्वारा 1500 मीटर खड़ंजा का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार को ग्रामीणों ने निर्माण में घटिया सामान के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए अजगरा मगर्वी माधो का पुरा पुलिया के पास प्रदर्शन किया।
बाढ़ पीड़ित संघ के अध्यक्ष रामहंस यादव ने कहा कि खड़ंजा निर्माण में सेमा और राट ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। जिससे ग्रामीणों में गुस्सा है। उन्होंने उपजिलाधिकारी सगड़ी से इस मामले की जांच कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर काम में सुधार नहीं हुआ तो ग्रामीणों को लेकर रौनापार रोड़ जाम किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान नर्वदेश्वर, मोनू यादव, हरेंदर, प्रमोद, रामकेवल, मनोज, मनीष, रंभा, कमलावती आदि मौजूद थे।