आजमगढ़। विद्यार्थियों को शैक्षिक अध्ययन के साथ-साथ राज्य की विभिन्नताओं और कार्यप्रणाली से जुड़े व्यवहारिक ज्ञान के लिए उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्ययन यात्रा पर जाने का मौका मिलेगा।
डीआईओएस उपेंद्र कुमार ने बताया कि राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों को प्रदेश के महत्वपूर्ण उच्च संस्थानों के एक दिवसीय भ्रमण पर ले जाया जाएगा।
30 नवंबर तक बच्चों को भ्रमण कराकर बच्चों से उनका अध्ययन यात्रा वृतांत लिखवाया जाएगा। यात्रा के लिए 500 रुपये प्रति विद्यार्थी खर्च किया जा सकेगा। इसके लिए शासन की ओर से बजट भी जारी कर दिया गया है।
राजकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों के शैक्षिक और व्यवहारिक विकास के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग समय-समय पर कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को शैक्षिक ज्ञान के साथ राज्य की विभिन्नताओं, विज्ञान और गणित के संस्थानों की कार्यप्रणाली व उनकी व्यवहारिक जानकारी सीखने के साथ विद्यार्थियों में समूह में रहने की प्रवृत्ति का विकास करना व नेतृत्व क्षमता को बढ़ाना भी है।
डीआईओएस ने बताया कि पीएमश्री आच्छादित विद्यालयों को छोड़कर दूसरे राजकीय विद्यालयों को प्रदेश के अंदर उच्च शिक्षा संस्थानों की यात्रा कराई जाएगी। इसके तहत बच्चों को जैविक खेती, ग्रीन हाउस फार्मिंग समेत उन्नत खेती की जानकारी के लिए कृषि संस्थानों का भ्रमण करने का मौका भी मिलेगा।
बच्चों को औद्योगिक इकाइयों का भ्रमण भी कराया जा सकेगा। यात्रा में शामिल होने के लिए बच्चों के अभिभावकों की अनुमति लेना जरूरी होगा। विद्यार्थियों के समूह में कम से कम दो शिक्षक-शिक्षिकाओं को शामिल करना होगा।