बस में सीट को लेकर छात्रों में हुए विवाद में टूटा दांत दिखाता छात्र। श्रोत-स्वयं
सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में स्कूल बस के अंदर सीट पर बैठने को लेकर दो छात्रों के बीच विवाद हो गया। इसमें एक छात्र का दांत टूट गया। घायल छात्र के पिता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए थाने से लेकर एसपी तक गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गुरदित पट्टी गांव निवासी जनक यादव ने बताया कि उनका 11 वर्षीय पुत्र शुभांश यादव सेंट जेवियर्स स्कूल, जीयनपुर में पढ़ता है। 27 अप्रैल को स्कूल से घर लौटते समय बस में सीट पर बैठने को लेकर उसका एक अन्य छात्र से विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरे छात्र ने शुभांश के मुंह पर हमला कर दिया, जिससे उसके दो दांत टूट गए। बस में मौजूद महिला शिक्षक ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों बच्चों को अलग कराया। पिता ने 29 अप्रैल को कोतवाली में शिकायत की। कोतवाल विनय कुमार सिंह ने बताया कि दोनों छात्रों और उनके अभिभावकों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई थी। घायल छात्र ने केवल एक छात्र द्वारा मारपीट की बात स्वीकार की।
पुलिस ने संबंधित छात्र और उसके अभिभावकों को कड़ी चेतावनी दी और भविष्य में ऐसी घटना न हो, इसके लिए समझाइश देकर दोनों पक्षों को घर भेज दिया गया। उनका कहना है कि मामले को सुलझा लिया गया है, जबकि शिकायतकर्ता अनावश्यक रूप से मामला बढ़ा रहे हैं।
सेंट जेवियर्स स्कूल जीयनपुर के प्रिंसिपल संजय कुमार राय ने बताया कि दोनों बच्चों की उम्र 11 वर्ष है। दोनों कक्षा सात के छात्र हैं। कोतवाली में दोनों बच्चों और उनके अभिभावकों को समझाया गया है। जहां तक रही बात परिचालक की तो बस में परिचालक की तैनाती है। उस दिन परिचालक अवकाश पर था। हालांकि विद्यालय की टीचर बस में थीं जिन्होंने बच्चों को छुड़ाकर अलग किया और शुभांश को अपने पास बैठाया। उस समय दांत नहीं टूटा था यदि दांत टूटता तो ब्लड भी शर्ट में लगता लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फिलहाल शुभांश के पिता जनक ने दो मई को सुलह किया है।