आजमगढ़। छात्रवृत्ति न मिलने से नाराज शिब्ली कालेज के छात्रों ने शुक्रवार को कालेज गेट के सामने चक्का जाम कर दिया। मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना से हलकान एसडीएम सदर, सीओ नगर कोतवाल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने छात्रों को आश्वासन देकर करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त करवा दिया। साथ ही सीट बढ़ाने के लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र लिखने की बात कही। दूसरी तरफ छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग नहीं पूरी हुई तो पुन: उग्र प्रदर्शन करेंगे।
छात्रवृत्ति और दाखिले की समस्या पर विचार के लिए शुक्रवार की सुबह विद्यालय में छात्रों की बैठक हुई। इसके बाद 11 बजे के करीब नारेबाजी करते हुए छात्र सड़क पर उतर आए और कालेज गेट के बाहर चक्का जाम कर दिया। शिब्ली कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष शीला यादव के प्रतिनिधि हरिकेश यादव ने कहा कि कालेज के बहुत से छात्र ऐसे हैं जिनका छात्रवृत्ति इंटरनेट पर तो दिख रही है। लेकिन अभी तक पैसा नहीं मिला है। कई छात्रों की छात्रवृत्ति न तो इंटरनेट पर दिख रही, न ही उनके खाते में ही धन आया है। कहा कि कालेज में और छात्रों के पढ़ने के लिए जगह है, लेकिन सीटों की संख्या निर्धारित होने की वजह से पर्याप्त छात्रों का दाखिला नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में कालेज प्रशासन से वार्ता की गई। लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला।
उधर, जाम लगने की सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ सिटी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम डा. अशोक सिंह ने छात्रों की समस्या सुनने के बाद समाज कल्याण अधिकारी और पिछड़ा वर्ग अधिकारी को मौके पर बुलवाया और उनकी छात्रों से बात कर्राई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि पिछड़ा और जनरल वर्ग के रिजेक्ट हुए फार्म शासन से कहकर सही करवाकर बजट मंगवाया जाएगा। धन उपलब्ध होने पर छात्रों के खाते में भेजा जाएगा। एसडीएम ने कहा कि सीट बढ़ाने के लिए डीएम के माध्यम से पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति को पत्र भेजा जाएगा। जाम लगाने वालों में लालजीत, विनित सिंह, विशाल यादव, मो. सलीम. मो. फरहान, राशिद, अल्फा, विवेक सिंह, जितेंद्र सोनकर, गोविंद आदि शामिल हुए।