थाना क्षेत्र के नहरूमपुर गांव के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने साइकिल से स्कूल जा रहे छात्र को कुचल दिया। छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
देवारा जदीद (सरवन चौहान का पूरा) गांव निवासी कर्मराज यादव का 12 वर्षीय पुत्र मिथिलेश यादव बृहस्पतिवार की सुबह साइकिल से स्कूल जा रहा था। वह हमीरपुर स्थित एक निजी इंटर कालेज में कक्षा छह का छात्र था। अभी वह देवारा कदीम नहरूमपुर गांव के पास ही पहुंचा था कि गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में मिथिलेश की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही महराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत छात्र दो भाई व दो बहनों में दूसरे नंबर पर था। घटना की सूचना घर पहुंची तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने दुर्घटना करने वाली ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है। जबकि चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।