सरायमीर (आजमगढ़)। जिलाधिकारी राजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक सुधीर सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए ब्लाक मिर्जापुर के बूथों पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। मतगणना स्थल बीनापारा इंटर कालेज का निरीक्षण किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
प्राथमिक विद्यालय बीनापार मिर्जापुर, प्राथमिक विद्यालय मनजीरपट्टी, पवई लाडपुर, संजरपुर में प्रधान, बीडीसी पद के उम्मीदवारों के साथ बैठक की गई। डीएम और एसपी ने कहा कि गड़बड़ी करने वाले पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मिर्जापुर ब्लाक के ग्राम पंचायत बीनापारा, मन्जीरपट्टी, पवई लाडपुर, संजरपुर मतदान स्थलों का निरीक्षण किया गया। कहा कि ग्रामों में चुनाव के प्रचार के लिए प्रत्याशियों के साथ सिर्फ पांच लोग ही जाएं। प्रचार के समय वाहनों का प्रयोग न करें। कहीं भी सामूहिक भीड़ या जुलूस न निकालें। कोविड-19 के दृष्टिगत सभी लोग मास्क अवश्य लगाएं। निरीक्षण के दौरान एसडीएम निजामाबाद राजीव रत्न सिंह, बीडीओ मिर्जापुर कल्पना मिश्रा, तहसीलदार शैलेन्द्र सिंह, एडीओ पंचायत सुरेश प्रजापति, इंस्पेक्टर अनिल सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।