आजमगढ़। मुबारकपुर थाने के पुरारानी मुहल्ला निवासी रेहाना खातून पत्नी मो. हाशिम के घर से 28 मई की रात लाखों के चोरी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी के 11 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद हुए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में रेहाना का सौतेला बेटा भी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
मुबारकपुर कस्बे के पुरारानी मुहल्ले निवासी रेहाना खातून ने 29 मई को थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें लाखों के गहनों समेत अन्य सामान को चोरी जाना दिखाया गया था। मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक मुबारकपुर अखिलेश मिश्रा ने सूचना के आधार पर 52 बीघा मैदान इस्लामपुरा मुबारकपुर से दो चोरों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से करीब 11 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, रेहाना का पैन कार्ड व आधार कार्ड बरामद हुआ है। दोनों माल बेचने की फिराक में थे। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोनू उर्फ दिलशाद पुत्र मोहम्मद हसनैन निवासी इस्लामपुर औरमोहम्मद सलीम पुत्र मोहम्मद हासिम मुबारकपुर थाने के पुरारानी मोहल्ला निवासी हैं। पूछताछ के दौरान मो. सलीम ने बताया कि गोरखपुर अपने दादी के यहां से अपने सौतेली मां के पास आया। वहां घर के बारे में पूरी जानकारी करने के बाद ईद त्यौहार के पहले ही आजमगढ़ आ गया। सलीम को पता चला कि सौतेली मां रेहाना खातून घर बंद करके आजमगढ़ गई है और रात में आजमगढ़ अपने रिश्तेदार के यहां रुकी है। शाम को सोनू उर्फ दिलशाद के साथ आटो रिक्शा से मुबारकपुर गया। रात को स्पोर्टिंग ग्राउंड पर रहकर चोरी की रणनीति बनाई। पेड़ के सहारे घर में प्रवेश करके ताला और दरवाजा तोड़कर जेवरात चुरा कर शाहगढ़ होते हुए सोनू के किराये के कमरे पर पहुंचकर माल का बंटवारा कर जेवरात को बेचने की जुगत में लग गए। इसी प्रयास के दौरान ही मुबारकपुर पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों ने बताया कि इससे पहले भी शहर कोतवाली, मुबारकपुर, सिधारी थाना क्षेत्र में चोरी की है। चोरी में गुल्लक में जो पैसा मिला था उसको खर्च कर दिया।