आजमगढ़। शासन के निर्देश पर कोरोना के चलते बंद रहे थाना समाधान दिवस की इस शनिवार से शुरूआत हो गई। कोरोना काल के पहले यह माह के पहले व तीसरे शनिवार को आयोजित होता था लेकिन अब दूसरे व चौथे शनिवार का दिन इसके लिए निर्धारित किया है। शासन के निर्देश पर इसकी शुरूआत तो हो गई लेकिन थानों पर इक्का-दुक्का लोग ही शिकायत लेकर पहुंचे।
सगड़ी संवाददाता के अनुसार जीयनपुर कोतवाली पर आयोजित थाना समाधान दिवस पर मात्र चार शिकायती पत्र आए। थाने पर एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ व सीओ अजय कुमार यादव उपस्थित रहे। किसी भी प्रकरण का निस्तारण नहीं हो सका। एसपी ग्रामीण ने मतहतों को सभी शिकायतों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मेंहनगर थाने पर 17 शिकायत पड़े। एसडीएम प्रियंका प्रियदर्शिनी की अध्यक्षता में पांच प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष को निस्तारण के लिए एसडीएम ने मातहतों को निर्देशित किया। इस दौरान एसएचओ प्रशांत कुमार श्रीवास्तव ने लगभग ढाई सौ फरियादियों व कर्मचारियों में मास्क वितरित किया। सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से अनुपालन कराया गया। शहर कोतवाली पर सीओ सिटी की अध्यक्षता में थाना दिवस आयोजित हुआ। जिले के सभी थानों पर शासन के निर्देश पर थाना समाधान दिवस आयोजित किया गया लेकिन कहीं भी पूर्व की भंति फरियादियों की भीड़ नजर नहीं आई। जिले के इक्का-दुक्का थाने ही ऐसे रहे जहां दहाई में शिकायती प्रार्थना पत्र पड़े।