लाटघाट। सगड़ी तहसील के विक्रम इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय 44वीं जूनियर बाल स्टेट कबड्डी चैंपियनशिप जोन सी प्रतियोगिता का सोमवार को पुरस्कार वितरण के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता के फाइनल में आजमगढ़ ने मऊ को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। जबकि मऊ जनपद की टीम उपविजेता बनी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ रविवार को एसडीएम सगड़ी बागीश कुमार शुक्ला द्वारा किया गया। इस प्रतियोगिता में आजमगढ़ के साथ ही मऊ, बलिया, गोरखपुर, बस्ती, सिद्घार्थनगर, देवरिया, कुशीनगर, लखनऊ और फैजाबाद की टीमों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता में कुल 18 मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल गोरखपुर और मऊ की टीम के बीच खेला गया, जिसमें मऊ ने गोरखपुर को 40-35 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरा सेमीफाइनल आजमगढ़ और लखनऊ की टीम के बीच खेला गया। जिसमें आजमगढ़ ने लखनऊ को 27-17 के अंतर से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। सोमवार को फाइनल मुकाबला आजमगढ़ और मऊ की टीम के बीच खेला गया। इसमें आजमगढ़ की टीम ने मऊ को 26-16 के अंतर से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि मंडलायुक्त वीवी पंत ने कहा कि कबड्डी दिमाग और स्वास्थ्य का गेम है। भारत का यह मार्जिनल गेम है जो गांव-देहात में खेला जाता है। इसमें खर्चा कम है लेकिन मजबूती ज्यादा है। डीआईजी सुभष चंद्र दुबे ने कहा कि खेल में कोई बूढ़ा नहीं होता। यह सामाजिक समरसता को बढ़ावा देता है। खेल को खेल भावना से खेलना चाहिए। विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड और किट देकर पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर निवर्तमान ग्राम प्रधान तरौका पंकज राय, माया प्रसाद राय, परशुराम यादव, एहसान अहमद, प्रेम कुमार राय, नरसिंह शर्मा, शिवानंद सिंह आदि उपस्थित थे।