हिंदू जागरण मंच की नेता साध्वी प्राची ने आजमगढ़ को आतंकवादियों की शरणस्थली बताते हुए कहा कि यहीं से शुरू होकर आतंकवाद पूरे देश में फैल गया। प्रदेश का हिंदू खौफ में है। बागपत, कैराना, देवबंद, संभल, रामपुर, आगरा के हिंदू पलायन कर रहे हैं। आजमगढ़ से भी हिंदुओं के पलायन की सूचना मिली है।
कार्यक्रम में शामिल होने पर प्रतिबंध लगे होने के बाद भी उसमें शामिल हुईं साध्वी ने कहा कि मायावती, केसी त्यागी, सोनिया गांधी हों या मुलायम सिंह यादव, सभी प्रदेश को इस्लामिक स्टेट बनाने की साजिश कर रहे हैं लेकिन हम इनके मकसद को कामयाब नहीं होने देंगे। वह शनिवार को सिधारी स्थित राहुल सांकृत्यायन प्रेक्षागृह में हिंदू जागरण मंच के हिंदू साम्राज्य दिनोत्सव कार्यक्रम में बोल रही थीं।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के इशारे पर जिला प्रशासन ने उनके आने पर प्रतिबंध लगा दिया था। रास्ते में भी उन्हें रोकने की कोशिश की गई। छत्रपति शिवाजी के जीवन को आदर्श बताते हुए कहा कि जब तक हिंदू शिवाजी के बताए रास्तों पर चलेगा तब तक इनके मनसूबे पूरे नहीं होंगे। कहा कि लोगों को देश, यहां की संस्कृति की रक्षा का संकल्प लेना चाहिए। जब तक देश भक्ति की आग प्रज्वलित नहीं होगी तब तक बात नहीं बनेगी।
इससे पहले हिंदू जागरण मंच के प्रदेश पदाधिकारी व विशिष्ट अतिथि माधव कृष्ण त्रिपाठी ने प्रशासन की ओर से साध्वी प्राची के कार्यक्रम में उपस्थित होने पर प्रतिबंध लगाने की आलोचना की। उधर, संबोधन के बाद पत्रकारों से बातचीत में साध्वी ने कहा कि मथुरा में अधिकारियों की हत्या सपा नेताओं ने कराई है। अगर ऐसा नहीं है तो एलआईयू दो साल तक क्या करती रही। रामबृक्ष सपा नेता था। कहा कि हिंदू डरा है। उसका पलायन रोकना होगा।
कहा कि उत्तर प्रदेश की हालत कश्मीर जैसी हो गई है। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा जायसवाल, हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष रामप्रसाद यादव, महामंत्री रामजतन समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
लगे जय श्री राम के नारे ः माहौल खराब होने की आशंका से जिला प्रशासन ने साध्वी के इस कार्यक्रम में शरीक होने पर प्रतिबंध लगा दिया था। जगह-जगह फोर्स लगाई गई थी। इससे लोगों को साध्वी के आने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन ठीक एक बजे वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंची।
उनके पहुंचते ही कार्यकर्ता उत्साहित हो गए और जय श्रीराम का जयकारा लगाने लगे। इसके बाद साध्वी ने बतौर मुख्य अतिथि दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। संबोधन के बाद ठीक 1.30 बजे वे प्रेक्षागृह से निकल गई पर बाहर उनके आगे के कार्यक्रम को लेकर पुलिस से करीब 20 मिनट तक नोकझोंक होती रही।
वे पालिकाध्यक्ष के आवास पर भी जाने वाली थीं लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और उन्हें कुछ देर तक सिधारी थाने में बैठाए रखा फिर पुलिस टीम उन्हें लेकर बाबतपुर के लिए रवाना हो गई। कार्यक्रम स्थल पर सीडीओ महेंद्र वर्मा, एडीएम आशुतोष द्विवेदी, एसपी सिटी विपिन ताडा समेत कोतवाली पुलिस मौजूद रही। कार्यक्रम स्थल पर पीएसी भी तैनात थी।