कस्बे के समीप सोमवार की रात तेज रफ्तार आटोरिक्शा के खड़े ट्रक में घुस जाने से दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक आटो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
घटना के समय सभी लोग एक वैवाहिक कार्यक्रम में भाग लेकर घर लौट रहे थे।
मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के युसुफाबाद गांव निवासी गफूर अंसारी के पुत्री की शादी सिधारी मुहल्ले में हुई है।
सोमवार को बिटिया के घर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गफूर के अलावा उनकी पत्नी खातूननिशा (58), छोटा पुत्र जफर अंसारी (27), उसकी पत्नी सबिनाखातून (25), रुकसाना (22) पत्नी कमरुज्जमां, आसिया (20) पुत्री समाउल्ला के अलावा अन्य दो और युवतियां आई थीं।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गफूर अंसारी वहीं रुक गए जबकि अन्य लोग आटोरिक्शा में बैठकर घर रवाना हो गए।
देर रात करीब दस बजे जहानागंज कस्बे के समीप स्थित ढाबे के पास आटो वहां पहले से खड़े ट्रक में जा घुसा।
इससे आटो में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जबकि चालक आटो छोड़कर फरार हो गया। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब तक घायलों को अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करती तब तक जफर अंसारी और उसकी पत्नी सबिना खातून की मौके पर ही मौत हो गई।
शेष लोगों को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृत जफर अंसारी दो पुत्रियों का पिता था। वह हाल ही में सऊदी अरब से घर आया था।